महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विभिन्न शॉपों में विधिवत पूजा-अर्चना कर कर्मचारियों को दी शुभकामनाएं
- @dil india live
F. Farouqi/Ajeet Singh Rajput
Varanasi (वाराणसी)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 17 सितंबर 2026 को शिल्पकला, निर्माण एवं सृजन के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा का पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भगवान विश्वकर्मा का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया तथा सभी को विश्वकर्मा पूजन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर बरेका की कर्मशाला में एक अलग ही उत्सवी वातावरण देखने को मिला। कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा के साथ पूजा स्थलों को फूल-पत्तियों, रंग-बिरंगी झंडियों एवं आकर्षक विद्युत लाइटों से सजाया। विभिन्न शॉपों में बनाए गए सुंदर पूजा पंडालों में आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा के चित्रों के समक्ष कर्मचारियों ने श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की।
अभिकल्प विभाग से शुरू हुआ पूजन कार्यक्रम
भगवान विश्वकर्मा पूजन समारोह का शुभारंभ अभिकल्प विभाग में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में भगवान विश्वकर्मा के दर्शन एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने बरेका कर्मशाला के विभिन्न शॉपों में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की तथा कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया।
इस क्रम में न्यू ब्लॉक शॉप, सीटीएस शॉप, टूल रूम, इंजन डिवीजन, लोको फ्रेम शॉप, पाईप शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रैक्शन असेंबली शॉप, ट्रैक मशीन शॉप, लोको टेस्ट शॉप एवं डिपो सहित विभिन्न कार्यस्थलों पर भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया गया।
महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के विभिन्न शॉपों में पहुंचने पर कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कर्मशाला परिसर में जगह-जगह सजे पूजा पंडाल, विद्युत सज्जा और श्रद्धालु कर्मचारियों की सहभागिता ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
औद्योगिक परंपरा व संस्कृति का प्रतीक विश्वकर्मा पूजन
भगवान विश्वकर्मा पूजन बरेका की समृद्ध औद्योगिक परंपरा और कार्य-संस्कृति से गहराई से जुड़ा आयोजन है। निर्माण, तकनीक, शिल्प और सृजन से जुड़े बरेका के कर्मचारियों के लिए यह अवसर अपने कार्य के प्रति समर्पण, कौशल एवं निष्ठा को अभिव्यक्त करने का भी प्रतीक है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भगवान विश्वकर्मा पूजन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना हमें कौशल, गुणवत्ता, नवाचार, परिश्रम और सृजनशीलता के प्रति निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बरेका परिवार की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की।
उन्होंने कहा कि बरेका की पहचान उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता, कर्मठ मानव संसाधन और निरंतर नवाचार से बनी है। भगवान विश्वकर्मा का पूजन हम सभी को अपने कार्य में गुणवत्ता, दक्षता एवं पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।विश्वकर्मा पूजन समारोह के माध्यम से बरेका के कर्मचारियों ने अपनी गौरवशाली औद्योगिक विरासत, तकनीकी उत्कृष्टता एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इनकी अगुवाई में हुआ पूरा आयोजन
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी मुख्यालय अजय श्रीवास्तव, मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको अरविन्द कुमार जैन, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-डीजल प्रवीण कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-प्रोजेक्ट कौशलेश सिंह, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/सर्विस इंजीनियर विपुल सिंह, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको सुदीप रावत, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार की अगुवाई में आयोजन सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव, कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव, अन्य कर्मचारी परिषद सदस्य, बड़ी संख्या में कर्मचारीगण एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन कर बरेका परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की।
पूरे कर्मशाला परिसर में दिनभर श्रद्धा, उत्साह, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। भगवान विश्वकर्मा पूजन समारोह ने बरेका की गौरवशाली औद्योगिक विरासत, तकनीकी सामर्थ्य और कर्मचारियों की एकजुट कार्य-संस्कृति को एक बार फिर जीवंत रूप में प्रदर्शित किया।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें