@dil india live
समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में सहायक कार्य प्रबंधक हरेन्द्र कुमार पाण्डेय, मुख्य कार्यालय अधीक्षक डॉ. मानसी पाइक राय, एस.एस.ई./वेल्डिंग राम चन्दर, एस.एस.ई. बृजेश कुमार विश्वकर्मा, एम.सी.एम. कैलाश कुमार सेठ, वरिष्ठ तकनीशियन असीम नार्थ, वरिष्ठ तकनीशियन काफिल अहमद, वरिष्ठ तकनीशियन अशोक कुमार रावत, तकनीशियन चंद्रमा प्रसाद तथा हाउसकीपिंग असिस्टेंट मो. असलम खान शामिल रहे।
माल्यार्पण एवं फोल्डर के साथ दी गई भावभीनी विदाई
समारोह के अध्यक्ष एवं प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उन्हें फोल्डर प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति कर्मचारी के जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और नए जीवन अध्याय का शुभारंभ है। वर्षों तक अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के बाद अब उनके पास स्वयं, परिवार और सामाजिक हैजीवन के लिए अधिक समय उपलब्ध होगा।
उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ, सुखी एवं शांतिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद स्वास्थ्य की देखभाल, नियमित दिनचर्या, परिवार के साथ समय बिताने, वित्तीय प्रबंधन तथा सामाजिक सरोकारों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने अनुभवों और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
महत्वपूर्ण जानकारियों से कराया गया अवगत
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने सेवानिवृत्त कर्मियों को प्रदान किए गए फोल्डर में उपलब्ध महत्वपूर्ण जानकारियों एवं सुविधाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने सेवानिवृत्ति के उपरांत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी रखने तथा आवश्यक प्रक्रियाओं का समय पर पालन करने के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखी एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का दिया संदेश
समारोह में मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद ने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, प्रतिदिन व्यायाम, संतुलित आहार तथा शरीर की उचित देखभाल को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि जीवन के इस नए चरण में स्वास्थ्य को प्राथमिकता देकर नियमित एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाना अत्यंत लाभकारी होगा।
वहीं, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव ने सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उनके सेवाकाल को सम्मान और अनुभव से परिपूर्ण बताते हुए जीवन की आगामी यात्रा के लिए मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
साइबर जागरूकता पर दिया गया विशेष जोर
आर्थिक सुरक्षा और धन के विवेकपूर्ण प्रबंधन के महत्व को रेखांकित करते हुए भारतीय स्टेट बैंक, बरेका की मुख्य शाखा प्रबंधक रिचा त्रिपाठी तथा बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका के मुख्य शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार ने वित्तीय प्रबंधन, निवेश के विकल्पों, वित्तीय सुरक्षा एवं साइबर सिक्योरिटी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
उन्होंने सेवानिवृत्ति लाभों का सोच-समझकर उपयोग करने, निवेश संबंधी निर्णयों में सतर्कता बरतने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक रहने पर बल दिया। उनके सुझावों का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मियों को आर्थिक रूप से सुरक्षित एवं निश्चिंत जीवन जीने के लिए उपयोगी जानकारी प्रदान करना रहा।
यादों और अनुभवों ने बनाया समारोह को भावुक
समारोह का एक भावुक एवं आत्मीय पक्ष उस समय देखने को मिला, जब सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव, यादगार संस्मरण और प्रेरक प्रसंग साझा किए। उन्होंने बरेका में बिताए वर्षों, सहकर्मियों के साथ बने आत्मीय संबंधों तथा कार्यस्थल पर मिले सहयोग को याद करते हुए बरेका को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बताया।
बरेकाकर्मियों व परिजनों की रही खास उपस्थिति
इस अवसर पर जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी-मुख्यालय राम प्रवेश यादव, कर्मचारी परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव, नवीन कुमार सिन्हा, सुशील कुमार सिंह एवं मनीष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन एवं सहकर्मी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी-मुख्यालय राजकुमार गुप्ता ने किया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें