स्कूल के कैमरे में कैद हुआ संदिग्ध जंगली जानवर, वन विभाग की टीमें कर रही जांच
@dil india live
(Varanasi). वाराणसी कैंटोनमेंट के सेंट मैरिज कॉन्वेंट स्कूल में गुरुवार तड़के संदिग्ध वन्यजीव देखे जाने से अफरा-तफरी मच गई। स्कूल परिसर के CCTV में तेंदुए जैसा जानवर नजर आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वन विभाग की टीम मामले की अपने ऐंगल से जांच कर रही है।
समाचार के संदर्भ में बताया गया है कि सुरक्षाकर्मी राजेंद्र कुमार नाईट शिफ्ट में ड्यूटी पर थे। गुरुवार की भोर में करीब 3:30 बजे कुत्तों के जोर-जोर से भौंकने पर उन्हें शक हुआ। बाहर निकलने पर परिसर में जंगली जानवर होने का संदेह हुआ, जिसकी सूचना तुरंत स्कूल प्रबंधन को उन्होंने दी। इसके चलते प्रबंधन ने एहतियातन सभी कर्मचारियों को सुरक्षित कमरों में रहने के निर्देश दिए और कैंट पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने स्कूल परिसर का निरीक्षण करने पहुंची। जांच में CCTV में दिखे स्थान के आसपास सघन तलाशी ली गई, लेकिन न तो कोई वन्यजीव मिला और न ही तेंदुए के पंजों के निशान इससे लोग और दहशत में हो गये। स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर जमीला ने बताया कि टीम ने काफी देर तक जांच की, लेकिन तेंदुए की मौजूदगी का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला। वन विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि यदि वह तेंदुआ ही है तो शहर के भीतर कैसे पहुंचा। चंदौली की ओर से गंगा किनारे और वरुणा नदी के रास्ते आने की संभावना पर भी पड़ताल की जा रही है। चर्च और बिशप हाउस के बगीचे में भी जांच की जा रही है।
DFO निधि चौहान ने बताया कि मामले की जांच के लिए 3 टीमें लगाई गई हैं। CCTV फुटेज का विश्लेषण कर यह पता लगाया जा रहा है कि दिखा जानवर तेंदुआ है या कोई अन्य वन्यजीव। साथ ही उसके आने-जाने के रूट को ट्रेस किया जा रहा है।
नहीं चलेगी आनलाईन क्लास
फिलहाल वन विभाग ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। आधिकारिक पुष्टि CCTV जांच के बाद ही हो सकेगी। स्कूल में गुरुवार को आनलाइन क्लासेज चली थी मगर शुक्रवार को आनलाइन कलास भी बंद कर दिया गया है।




