@dil india live
(Allahabad). यूपी police ने धरती के पेट से नोटों का जखीरा बरामद किया है। इस बरामदगी में दो अपराधी भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। समाचार के अनुसार इलाहाबाद (प्रयागराज) जिले के नवाबगंज इलाके के बरईपुर (रामनगर) गांव में एक घर की जमीन के नीचे गाड़े गए तीन नीले ड्रमों से पांच करोड़ रुपये से अधिक की नकदी पुलिस ने बरामद किया है।
दरअसल पुलिस ने शिकायत के आधार पर राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर पर छापा मारकर यह नगदी बड़े ही नाटकीय तरीके से बरामद किया है। पुलिस के अनुसार राकेश पुणे में एक सर्राफा कारोबारी के यहां कर्मचारी था। लॉकडाउन के दौरान जब तमाम लोग अपने घरों और गांवों की ओर भागे तो राकेश भी गांव लौट आया था।
लाकडाउन से राकेश की रईसी का कनेक्शन
लाकडाउन में गांव लौटने पर राकेश ने करीब दस करोड़ की 22 बीघा जमीन खरीदी और पड़ोसियों की नज़र में आ गया। यही नहीं एक करोड़ रुपए का आलीशान मकान भी उसने बनवाया। दो ट्रैक्टर, डीजे और पिकअप खरीदी और सीमेंट व सरिये का कारोबार शुरू कर दिया। सब कुछ बढ़िया और मजे में चल रहा था। छह भाई हैं। तीन गांव में रह रहे थे, तीन बाहर।
ऐसे बिगड़ा राकेश का समीकरण
बात तब बिगड़ी जब कुछ दिनों पहले पड़ोसी से विवाद हुआ। पड़ोसियों ने पुलिस में शिकायत की कि राकेश के घर में धरती के नीचे चोरी के रुपये जमीन में गाड़कर रखे गए हैं। पुलिस ने जांच की तो तीन नीले ड्रमों में नोटों का जखीरा मिला।
500-500 रुपये के नोटों की करीब एक हजार गड्डियां। कुल रकम 5 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इस मामले में राकेश के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।


