पेड़ों की छांव तले सजी यादगार महफ़िल
@dil india live
(Varanasi). चंदौली जिले के छोटे से गांव भड़सर में प्रसिद्ध शायर अतीक़ अंज़र के पैतृक आवास के विशाल एवं हरे-भरे प्रांगण में एक यादगार मुशायरे का आयोजन किया गया। सागौन, अशोक, नीम और सहजन के हरे-भरे पेड़ों की छांव तले खुले आसमान के नीचे सजी इस साहित्यिक महफ़िल में विश्वविख्यात शायर एवं प्रसिद्ध फिल्मी गीतकार शकील आज़मी समेत देश के कई नामचीन शायरों ने शिरकत कर अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शकील आज़मी के सम्मान में आयोजित इस मुशायरे की सबसे खास बात इसका प्राकृतिक और अनूठा वातावरण रहा। शहरों के बंद सभागारों और पारंपरिक मंचीय आयोजनों से अलग पेड़ों की शीतल छांव में सजी इस महफ़िल ने श्रोताओं को साहित्यिक आनंद का एक अलग ही अनुभव प्रदान किया। इस अवसर पर शकील आज़मी का चर्चित शेर पूरी महफ़िल के वातावरण पर सटीक बैठता नजर आया...
"मैं ग़ज़ल पढ़ रहा था जंगल में,
पेड़ सब तालियां बजा रहे थे।"
अतीक अंज़र ने किया खैरमकदम
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रसिद्ध शायर अतीक़ अंज़र ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अतिथियों एवं शायरों का आत्मीय स्वागत किया। मुशायरे की अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी एवं अधिवक्ता संजय सिंह ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी डॉ. अज़हर सईद ने अपने विशिष्ट साहित्यिक अंदाज, शालीनता और प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ निभाई। उनकी सधी हुई और दिलचस्प निज़ामत ने पूरी महफ़िल को जीवंत बनाए रखा।
इन शायरों ने जीता दिल
मुशायरे में शकील आज़मी, अतीक़ अंज़र, आलम बनारसी, निज़ाम बनारसी, सुहैल उस्मानी, ज़िया अहसनी, कबीर अजमल, कमाल बलियावी, सुरेश कुमार अकेला, आकाश मिश्रा, राजीव विश्वकर्मा, शमशाद अलबेला, हरिबंस बवाल और डॉ. बख़्तियार नवाज़ आदि शायरों ने अपने चुनिंदा कलाम से लोगों को बांधे रखा। शायरों के उम्दा अशआर को जमकर दाद मिली और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
शाम सात बजे शुरू हुई यह साहित्यिक महफ़िल लगातार पांच घंटे तक चली और रात बारह बजे संपन्न हुई। मुशायरे में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी पहुंचे थे। श्रोताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी, शायरों की रचनात्मक ऊर्जा और आयोजकों की आत्मीय मेहमाननवाज़ी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
दिलकश फिज़ा में सजी महफ़िल
अंत में राष्ट्रीय एकता फाउंडेशन के अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम खान ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, शायरों, श्रोताओं और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि भड़सर की यह साहित्यिक शाम इस बात का सुंदर उदाहरण बनी कि साहित्य और कविता की खुशबू बड़े शहरों और स्थापित साहित्यिक केंद्रों की मोहताज नहीं होती। छोटे-छोटे गांवों में भी साहित्यिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मकता के ऐसे दीप जल सकते हैं, जिनकी रोशनी दूर तक पहुंचती है। पेड़ों की छांव, खुला आसमान और शेरो-शायरी की दिलकश फिजा में सजी यह महफ़िल लंबे समय तक साहित्य प्रेमियों की स्मृतियों में बनी रहेगी।







