टीचर्स और स्टूडेंट्स ने जाना एकाग्रता बढ़ाने व भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय
- @dil india live
(Varanasi). महाराजा डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर, गंगापुर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी में विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए तनाव प्रबंधन, मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन व सकारात्मक जीवन-दृष्टिकोण पर सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को तनाव, चिंता एवं शैक्षणिक दबाव से प्रभावी ढंग से निपटने, एकाग्रता बढ़ाने तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराना था। सत्र में वास्तविक जीवन के उदाहरणों, आध्यात्मिक अंतर्दृष्टि एवं मैत्री संबोध ध्यान के माध्यम से प्रतिभागियों को अनुभवात्मक अभ्यास कराया गया। संचालन मित्र जीव, अमृतपाल सिंह सोढ़ी एवं ऋषभ सोनी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बीसीए, बीबीए एवं मनोविज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं एवं छात्र स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में बीसीए के संयोजक पंकज पाण्डेय, बीबीए के संयोजक डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, मनोविज्ञान विभाग की संयोजक डॉ. बेबी चौरसिया, बीसीए के सह-संयोजक शक्ति सिंह एवं बीबीए की सह-संयोजक स्तुति मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में परिसर के निदेशक डॉ. मनीष कुमार सिंह सहित डॉ. रमेश मिश्रा, डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. नंदू सिंह,डॉ. नागेश चौबे,डॉ.अवनीश सिंह, डॉ. अर्चना कुमारी तथा अन्य सभी विभागों के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन के उपरांत सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रतिभागियों ने सत्र को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में निदेशक, शिक्षकगण, संयोजकों, सह-संयोजकों, स्वयंसेवकों एवं सभी प्रतिभागियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें