‘साहस, सेवा और संकल्प’ के साथ रेल सुरक्षा बल कर्मियों ने दिया सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
@dil india live
F. Farouqi/Ajeet Singh Rajput
(Varanasi). रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की संरक्षा एवं रेल व्यवस्था में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने वाले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ़) का 42वां स्थापना दिवस आज दिनांक 20 सितंबर 2026 को रेलवे सुरक्षा बल, बरेका, वाराणसी के परिसर में हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया।
20 सितंबर 1985 को रेलवे सुरक्षा बल को संघ के सशस्त्र बल का दर्जा प्रदान किए जाने के साथ वर्तमान स्वरूप मिला। रेलवे सुरक्षा बल अधिनियम, 1957 में संशोधन के बाद यह प्रावधान 20 सितंबर 1985 से प्रभावी हुआ। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ़) का दायित्व रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों एवं यात्री क्षेत्र की सुरक्षा से भी जुड़ा है।
स्थापना दिवस के अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल,बरेका, वाराणसी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान आरपीएफ़ अधिकारियों एवं बल सदस्यों ने ‘रन फॉर यूनिटी’, योग कार्यक्रम, वृक्षारोपण तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया, वहीं योग कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली एवं शारीरिक-मानसिक फिटनेस के महत्व को रेखांकित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए रेल सुरक्षा बल ने बैरक परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित रेल सुरक्षा बल सदस्यों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत बैरक परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। इसके माध्यम से स्वच्छ परिसर, स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।इस अवसर पर प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, सहायक सुरक्षा आयुक्त सहित रेल सुरक्षा बल के निरीक्षकगण एवं बल सदस्य उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बल सदस्यों के आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को और मजबूत करने के उद्देश्य से रात्रि में बैरक परिसर में ‘बड़ा खाना’ का आयोजन भी किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल का स्थापना दिवस केवल एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन, साहस और सेवा भावना के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करने का अवसर है। बरेका रेल सुरक्षा बल रेल यात्रियों तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के अपने दायित्व को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें