रविवार, 4 अक्टूबर 2026

Political news: Ex CBI निदेशक एम. नागेश्वर ने धर्म की नगरी काशी से किया नयी सियासी पार्टी कि श्री गणेश

सर्वजन सनातन पार्टी मुफ्त शिक्षा, निःशुल्क चिकित्सा को करेगी लागू

सनातन के रास्ते होगा देश का विकास-एम. नागेश्वर राव
new political party News Varanasi 2026

@dil india live 

(Varanasi). Ex CBI निदेशक एम. नागेश्वर राव ने सक्रिय राजनीति में उतरने का ऐलान किया है। उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पार्टी सर्वजन सनातन पार्टी के गठन का ऐलान धर्म की नगरी काशी से किया है। पार्टी ने एम. नागेश्वर राव को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना है। उत्तर प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी राकेश तिवारी को दी गई है।

करीब चार दशक तक पुलिस, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था में काम करने के बाद राजनीति में आए राव ने कहा कि अब वह अपने प्रशासनिक अनुभव का इस्तेमाल देश और समाज के व्यापक हित में करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनका प्रवेश किसी पद के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए नई जिम्मेदारी निभाने की कोशिश है। वह 1986 बैच के ओडिशा कैडर के पूर्व IPS अधिकारी हैं। एम. नागेश्वर राव के मुताबिक, सर्वजन सनातन पार्टी फिलहाल चार प्रमुख लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ेगी। पार्टी का प्रयास होगा कि देश के हर नागरिक को बेहतर गुणवत्ता वाली मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।

रोजगारपरक शिक्षा सभी को मिले

राव ने कहा कि शिक्षा और आजीविका को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता। उनका जोर ऐसे शिक्षा मॉडल पर है, जिसमें पढ़ाई के साथ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए भी तैयार किया जाए।

उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद युवाओं को रोजगार की तलाश में भटकना न पड़े, बल्कि वे अपनी आजीविका शुरू करने, व्यवसाय करने या रोजगार हासिल करने के लिए सक्षम बनें। पार्टी के नाम और विचारधारा पर एम. नागेश्वर राव ने कहा कि उनके लिए ‘सनातन’ केवल पूजा-पद्धति नहीं है। यह सत्य, नेकी, कर्तव्य, न्याय, दया और जनकल्याण पर आधारित जीवन-दृष्टि है।

उन्होंने कहा कि भारत को आधुनिक बनना चाहिए, लेकिन विकास की दौड़ में अपनी सभ्यतागत जड़ों और सांस्कृतिक विरासत को नहीं भूलना चाहिए। नीतियों, कानूनों और शिक्षा व्यवस्था में भारतीय पहचान और सभ्यतागत विरासत को सुरक्षित रखते हुए आगे बढ़ने की जरूरत है।

राव ने पार्टी का विजन बताते हुए कहा, “सत्य सनातन, नित्य नूतन” पार्टी के विचारों की बुनियाद है। उनका कहना है कि आधुनिक भारत का निर्माण अपनी जड़ों से जुड़े रहकर किया जाना चाहिए।

मौजूदा शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

एम. नागेश्वर राव ने देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही शिक्षा प्रणाली को भारतीय सभ्यता और वर्तमान जरूरतों के अनुरूप नए सिरे से देखने की आवश्यकता है। उन्होंने सवाल किया कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था भारतीय समाज और उसकी जरूरतों के अनुरूप कितनी है। राव ने इसे औपनिवेशिक दौर की शिक्षा व्यवस्था के प्रभाव से जोड़ते हुए भारतीय दृष्टिकोण पर आधारित शिक्षा मॉडल की जरूरत बताई।

यूपी की राजनीति में ही क्यों हो रहे सक्रिय 

एम. नागेश्वर राव ने इस सवाल के जवाब में कहा कि पिछले कुछ समय में उन्होंने काशी और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्थिति को समझने की कोशिश की। इसी अनुभव के आधार पर पार्टी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियां आगे बढ़ाएगी।हालांकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी? इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। राव ने कहा कि चुनावी रणनीति अभी तैयार की जानी है और सीटों की संख्या को लेकर फिलहाल कोई अंतिम घोषणा नहीं की।

यहां जानिए एम. नागेश्वर राव को 

एम. नागेश्वर राव 1986 बैच के ओडिशा कैडर के पूर्व IPS अधिकारी हैं। अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने पुलिस और प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं। अपने करियर के अंतिम चरण में वह CBI के अंतरिम निदेशक भी थे।

कोई टिप्पणी नहीं: