शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026

Varanasi news 09 October 2026: प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी की छठी पुण्यतिथि पर हुई स्मरण सभा

समाजवाद के सपनों को साकार करने का लिया संकल्प

@dil india live 

(Varanasi)। जनांदोलनों के राष्ट्रीय समन्वय और साझा संस्कृति मंच के संस्थापक सदस्य तथा स्वराज अभियान के राष्ट्रीय नेता एवं संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में कार्यरत रहे प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी की छठी पुण्यतिथि पर साझा संस्कृति मंच की ओर से सिगरा स्थित अस्मिता परिसर में स्मरण सभा आयोजित की गई।

सभा में उपस्थित नागरिक समाज के लोगों ने प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी के सामाजिक, राजनीतिक और वैचारिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि प्रो. त्रिपाठी ने समाजवाद, समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनपक्षधर राजनीति के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों को प्रेरणा देते हैं।

स्मरण सभा में इस बात पर जोर दिया गया कि समाज में व्याप्त भेदभाव, गैरबराबरी और अन्याय को समाप्त करने के लिए व्यापक सामाजिक एकजुटता जरूरी है। उपस्थित लोगों ने सरकार की दमनकारी नीतियों के विरोध और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सभा में यह संकल्प लिया गया कि प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी के विचारों और समाजवादी सपनों को केवल स्मृतियों तक सीमित न रखकर उन्हें व्यवहार में उतारने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए जनांदोलनों, सामाजिक संगठनों और नागरिक समाज के बीच संवाद, सहयोग और एकजुटता को मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम का संदेश था कि समानता, न्याय, स्वतंत्रता और आपसी सद्भाव पर आधारित समाज का निर्माण ही प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।




इनकी रही खास मौजूदगी 

कार्यक्रम में मुख्य रूप से नंदलाल, जागृति राही, राजेन्द्र चौधरी, रामजन्म यादव, श्वेतांक मिश्रा, डॉक्टर आनद प्रकाश तिवारी, अनूप श्रमिक, सरफराज, रवि, एकता, सतीश सिंह, नीति, धन्नजय, वल्लभ, आजाद गौतम, मोहम्मद, मिथलेश दुबे, लक्ष्मण प्रसाद, वरिष्ठ पत्रकार अजय चतुर्वेदी, इंदु इत्यादि शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: