सोमवार, 19 अक्टूबर 2026

Varanasi BLW में दशहरे पर रहेगी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, 2 बजे से रावण दहन तक सभी प्रवेश द्वार रहेंगे बंद

खेल मैदान में होगी रामलीला व रावण दहन, महाप्रबंधक आशुतोष पंत होंगे मुख्य अतिथि

BLW Varanasi Ravan dahan suraksha news


  • @dil india live 

F. Farouqi/Ajeet Singh Rajput 

(Varanasi). वाराणसी के बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में विजयादशमी पर्व पर 20 अक्टूबर 2026 को विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। बरेका के सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट एवं कंदवा गेट दोपहर 2 बजे से रावण पुतला दहन तक बंद रहेंगे।

इस अवधि में रेल कर्मचारी वैध पहचान पत्र तथा आम नागरिक रामलीला मंचन एवं रावण दहन का वैध प्रवेश पास दिखाकर ही बरेका परिसर में आवागमन कर सकेंगे। यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण, जनसुरक्षा एवं किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से की गई है।


उल्लेखनीय है, कि  यह निर्णय भीड़-नियंत्रण, जन-सुरक्षा एवं अप्रिय घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। विजयादशमी जैसे बड़े पर्व पर बरेका परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रहती है। अतः सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

बरेका में विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर को पारंपरिक उल्लास, श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मैदान में सायं 4:30 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक भव्य रूपक रामलीला का मंचन, आकर्षक आतिशबाजी तत्पश्चात पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत होंगे।


समारोह के दौरान 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकरण तथा 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। रामलीला मंचन एवं पुतला दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया जाएगा।

बरेका प्रशासन सभी रेल कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील करता है कि वे सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, निर्धारित प्रवेश पास एवं पहचान पत्र साथ रखें तथा विजयादशमी पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं आनंदमय ढंग से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।

कोई टिप्पणी नहीं: