...नानक आया नानक आया, कल तारण गुरू नानक आया
@dil india live
(Varanasi). सिख धर्म के प्रथम गुरू एवं मानवता, प्रेम तथा आपसी भाईचारा का संदेश देने वाले गुरूनानक देव महाराज के 557वां प्रकाश पर्व 24/11/2026 को पूरे हर्षोल्लास के साथ गुरुद्वारा गुरूबाग, में मनाया जाएगा। नानक देव के आगमन की खुशी में 15.11.2026 दिन रविवार को दोपहर 12:30 बजे एक विशाल धार्मिक शोभायात्रा गुरुद्वारा गुरूबाग से जुगो जुग अटल श्री गुरूग्रन्थ साहिब एवं पंज प्यारे के अगुवाई में निकाली गयी।
इन रास्तों से गुज़री शोभायात्रा
शोभायात्रा निर्धारित मार्ग लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गाँधी नगर, सिगरा चौराहा, रथयात्रा होते हुए संध्या 7.00 बजे वापस गुरूद्वारा गुरूबाग पहुँची। उक्त मार्ग के निम्न स्थानों पर हथुआ मार्केट, मलदहिया (निकट जय गंजेज), लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा (भारंत मेडिकल स्टोर). अशोक नगर एवं गाँधी नगर सिगरा पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत एवं प्रसाद का वितरण किया गया। शोभायात्रा में श्री गुरूग्रन्थ साहिब की सवारी वाली गाड़ी को फूलमालाओं एवं बिजली के झालरों द्वारा भव्य रूप से सजाया गया था।
शोभायात्रा में गुरू साहिब की पालकी, पंज प्यारे घुड़सवार पंज प्यारे पैदल, कीर्तन मंडलिया आकर्षण का केन्द्र रहा। शोभायात्रा में वाराणसी के समस्त संगत के साथ गुरुनानक खालसा बा.इ०का० गुरूबाग, गुरूनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल गुरूबाग, गुरूनानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर के विद्यार्थी तथा विद्यालयों के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। गुरूनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल के बच्चों के बैंड ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा गुरुजी के भजनों (शबदो) का गायन करते हुये कीर्तन जत्थों ने इसे अध्यात्मिक रंग में रंग दिया। वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कियाकलाप द्वारा नागरिकों में अमिट छाप छोडी। स्थानीय बैण्ड पार्टी मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहा। जिसकी मधुर धुनों और उर्जा से भरी प्रस्तुति ने शोभायात्रा में रंग भर दिए और उक्त मार्ग पर हजारों की संख्या में शामिल दर्शकों का मनमोह लिया। स्कूली बच्चे हाथों में स्वच्छ काशी-सुन्दर काशी का बैनर लेकर काशी में स्वच्छता का संदेश देते हुये चल रहे थे। शोभायात्रा की पवित्रता हेतु काशी की साध संगत सड़क की सफाई धुलाई करते हुये चल रहे थे। बैण्ड बाजे, लाइटों की व्यवस्था की गयी थी। सिख परिवारों की महिलाएं व समस्त नानक नाम लेवा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ गुरुवाणी कीर्तन करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा के पहुँचने पर गुरुद्वारा गुरूबाग में पुष्प वर्षा एवं आरती कर भव्य स्वागत किया गया। गुरुद्वारे में शबद गायन कीर्तन एवं अरदास के उपरान्त गुरू का अटूट लंगर बरताया गया।
गुरुद्वारे के मुख्य ग्रन्थी भाई रंजीत सिंह ने सभी काशीवासियों का शुकाना किया और यह भी बताया कि 23/11/2026 की सायं एवं 24/11/2026 को प्रकाश पर्व पर दिनभर पंथ के प्रसिद्ध महान रागी जत्थे शब्द गायन कीर्तन व कथा द्वारा संगत को निहाल करेंगे। गुरुद्वारे के मुख्य ग्रन्थी भाई रंजीत सिंह ने समस्त काशीवासीयों व नानक नाम लेवा श्रद्धालुओं से अपील की है कि इसमें बढ़-चढ़ कर शामिल होकर श्री गुरूनानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश उत्सव में गुरू घर का आशीर्वाद एवं खुशियों प्राप्त करें।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें