- @dil india live
(Varanasi). उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रदेश के जिला एवं महानगर अध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई है। वाराणसी में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे को एक बार फिर संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नेताओं की पुनर्नियुक्ति से वाराणसी के कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
कांग्रेस नेतृत्व का यह निर्णय दोनों नेताओं के संगठनात्मक समर्पण, निरंतर संघर्ष, कार्यकर्ताओं के प्रति जुड़ाव और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उनके प्रयासों पर भरोसे का प्रतीक माना जा रहा है। राजेश्वर सिंह पटेल एवं राघवेंद्र चौबे लगातार संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय रहे हैं। आम कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सीधा संवाद बनाए रखने के साथ-साथ बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जनहित से जुड़े मुद्दों पर सड़क से लेकर जनआंदोलनों तक उनकी सक्रियता लगातार देखने को मिली है।
इन्हीं संगठनात्मक कार्यों और समर्पण को देखते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तथा राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी सहित शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व ने दोनों नेताओं पर पुनः विश्वास जताते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है।
पुनर्नियुक्ति पर जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपरोक्त सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हम पर पुनः विश्वास जताते हुए संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने आगे कहा कि हम वाराणसी के समस्त कांग्रेसजनों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का भी हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हैं। सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी ऊर्जा, ताकत और समर्पण के साथ संगठन का साथ दिया है। उनके सहयोग और सामूहिक प्रयासों के बल पर ही हम संगठन को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने में आगे लगातार आगे बढ़ रहे है यह जिम्मेदारी हम सभी कांग्रेसजनों की सामूहिक मेहनत और विश्वास का परिणाम है।
दोनों अध्यक्षों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी वाराणसी की सभी विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती और नई ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। संगठन को प्रत्येक बूथ तक मजबूत किया जाएगा और कार्यकर्ता सड़क से लेकर हर गांव, मोहल्ले और वार्ड तक आम मतदाताओं के बीच पहुंचकर जनसंघर्ष करेंगे। जनता की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी ताकत के साथ उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा ,महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल सड़कें, सीवर, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और आम जनता से जुड़े तमाम बुनियादी मुद्दों पर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। जनता के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर सड़क पर संघर्ष करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होगी। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर संगठन का विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और प्रत्येक मतदाता तक कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों को पहुंचाने का अभियान तेज किया जाएगा। (यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल समाचार के आधार पर लिखा गया है, इसकी पुष्टि दिल इंडिया लाइव नहीं करता।)



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें