पुलिस स्मृति दिवस पर कर्तव्य की बेदी पर प्राणों की आहुति देने वाले अमर वीर शहीदों को किया गया याद
पुलिस लाइन में अर्पित किये गये श्रद्धा-सुमन
@dil india live
(Varanasi). police commissioner Mohit Agarwal(पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल) ने पुलिस स्मृति दिवस (21.10. 2026) के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि “पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से ओत-प्रोत रही है। जनसेवा के उच्च आदर्शों को आत्मसात करते हुए अपने कर्तव्य पथ पर प्राणों की आहुति देने वाले हमारे शहीद पुलिसकर्मी सदा अमर रहेंगे । उनका अदम्य साहस और देशभक्ति हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे”।
इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया गया।
इस दौरान शहीद स्मारक पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा 'दयालु', राज्य मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग) हंसराज विश्वकर्मा, अशोक कुमार तिवारी महापौर वाराणसी, जिला पंचायत अध्यक्ष (वाराणसी) पूनम मौर्या, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा, पुलिस महा निरीक्षक वैभव कृष्णा, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राठौड़ किरीट कुमार हरिभाई सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा पुलिसकर्मियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पुलिस का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण है। नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिवर्ष अपने प्राणों की आहुति देते हैं। उनका यह बलिदान राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है।
यहां जानिए क्या है इतिहास
ज्ञातव्य है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा पर गश्त कर रही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टुकड़ी पर चीनी सैनिकों द्वारा घात लगाकर हमला किया गया था। इस अप्रत्याशित हमले में 10 वीर जवानों ने वीरगति प्राप्त की जबकि 7 अन्य जवान घायल हुए। मातृभूमि की रक्षा में दिए गए इन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में “पुलिस स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस समर्पित है उन सभी पुलिसकर्मियों को जिन्होंने जनसुरक्षा, राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भावना से ओत-प्रोत होकर अपने प्राण न्यौछावर किए ।
श्रद्धांजलि दी और लिया संकल्प
श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 02 मिनट का मौन रखकर शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति को नमन किया तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम में यह संकल्प दोहराया गया कि पुलिस बल सदैव नागरिकों की सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं राष्ट्र की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करता रहेगा।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें