महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ संगीत एवं मंच कला विभाग के पूर्व छात्र हैं "अयन माधब भट्टाचार्य"
@dil india live
Sanjana Srivastava/(Varanasi). महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (एमजीकेवीपी), वाराणसी के संगीत एवं मंच कला विभाग के पूर्व छात्र अयन माधब भट्टाचार्य ने राष्ट्रीय मंच पर संस्थान का नाम रोशन किया है। अयन का चयन ज़ी टीवी के प्रसिद्ध गायन रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा 2026’ के लिए हुआ है।
अयन ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से सत्र 2024-26 में ‘मास्टर ऑफ म्यूजिक’ (एम.म्यूज. - वोकल) की उपाधि प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने छह वर्षीय 'संगीत प्रभाकर' की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। वे प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका विदुषी सुचरिता गुप्ता के शिष्य हैं।
पारिवारिक पृष्ठभूमि और प्रेरणा
अयन एक समृद्ध संगीतमय पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता दिव्येंदु माधब भट्टाचार्य पूर्व में एक ग़ज़ल गायक रहे हैं। कैंसर से सफलतापूर्वक जंग जीतने के बाद व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण वे अपनी संगीत यात्रा जारी नहीं रख सके। अयन अब अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने और उनकी संगीतमय विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
उनकी माता, श्राबणी भट्टाचार्य, जो पेशे से एक शिक्षिका हैं, ने वसंत कॉलेज फॉर विमेन (काशी हिंदू विश्वविद्यालय से संबद्ध) से बैचलर ऑफ म्यूजिक की डिग्री हासिल की है। अयन की संगीत यात्रा में उनकी माता के मार्गदर्शन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
विभाग में हर्ष का माहौल
संगीत एवं मंच कला विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता घोष एवं विभाग के समस्त प्राध्यापकों ने अयन की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि ज़ी टीवी पर ‘सा रे गा मा पा 2026’ का नया सीजन 19 सितंबर 2026 से शुरू हो चुका है। राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर अयन की यह सफलता विश्वविद्यालय और समूचे वाराणसी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें